सोनभद्र। ओवरलोडिंग के नाम पर उत्पीड़न से क्षुब्ध ट्रक मालिकों के प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को ओबरा एसडीएम और तहसीलदार से भेंट की। 20 अगस्त से ट्रकों का संचालन न करने के निर्णय की जानकारी दी। कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, वह ट्रकों का संचालन शुरू नहीं करेगा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल सोनभद्र ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के सचिव सरफराज अंसारी, सुशील सिंह, विनोद सिंह, संतोष सिंह, दीनदयाल सिंह आदि का कहना था कि ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन के नाम पर ट्रक मालिकों के उत्पीड़न की हद हो चुकी है। आए दिन पर भारी भरकम जुर्माना थोपा जा रहा है, जबकि अवैध खनन करने, ओवरलोड माल लादने और उसे पास करने वालों की कोई जिम्मेदारी तय नहीं हो रही। अगर ओवरलोड माल न लादा जाए और उसे आगे जाने की अनुमति न मिले तो ट्रक संचालित कैसे होंगे। मगर, इस मामले में सिर्फ ट्रक मालिकों को जिम्मेदार बताते हुए एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। यह न्यायोचित नहीं है। विवश होकर ट्रक मालिकों ने 20 अगस्त को ट्रक संचालन न करने का निर्णय लिया है। डाला और बग्घानाला जिला पंचायत बैरियर के पास ट्रकों को खड़ा कर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करेंगे। इसमें स्थानीय प्रशासन से सहयोग अपेक्षित है।