बघाडू रेंज के गुलालझरिया ठेमा नदी धारा 20 से अवैध बालू खनन कर परिवहन कर रहे ट्रैक्टर को वन विभाग टीम ने बृहस्पतिवार देर रात मुखबिर की सूचना पर पकड़ लिया। ट्रैक्टर को सीज कर वन रेंज कार्यालय पर खड़ा कर दिया है।
बघाडू रेंजर ऑफिसर रूप सिंह ने बताया कि रात दो बजे मुखबिर व ग्रामीणों ने इस मामले की सूचना दी। इस पर सक्रिय हुई टीम ने मौके पर छापा मार अवैध खनन में लिप्त ट्रैक्टर को पकड़ लिया। बताया कि ट्रैक्टर पर अवैध बालू लोड जिसे वहीं गिरा दिया गया और ट्रैक्टर को वन रेंज कार्यालय खड़ा कर सीज कर दिया गया। मौके पर छोटेलाल वन रक्षक, साजिद वन रक्षक, सत्यनारायण बीट प्रभारी झारो व नकछेदी राम चौकीदार मौजूद रहे।
अवैध खनन में हो सकती है अप्रिय घटना
दुद्धी। बघाडू वन रेंज के गुलालझरिया गांव में ठेमा नदी में अवैध खनन में एकाधिकार व वर्चस्व की जंग की बिसात बुनी जा चुकी है। एक खननकर्ता यहां अवैध खनन में एकाधिकार चाहता है और अन्य को इसके लिए रोकता है। जब अन्य नहीं मानते तो उनके ट्रैक्टरों को अधिकारियों को फोन कर पकड़वा दिया जाता है। बृहस्पतिवार की देर रात भी कुछ ऐसा हुआ, गांव के एक खननकर्ता ने पुलिस को सूचना देकर दूसरे खननकर्ता के ट्रैक्टर को वन विभाग से पकड़वा दिया। चर्चा में है कि वर्चस्व के जंग में अगर प्रशासन समय रहते लगाम नहीं कसता है तो जल्द ही गंभीर परिणाम देखने को मिलेंगे।