कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर शुक्रवार देर शाम अनियंत्रित बाइक से गिरकर तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परसौना निवासी शिवशंकर गोंड (35) पुत्र रामनरायण शुक्रवार शाम को बाइक से घर लौट रहे थे। घुवास गांव के पास जंगल में अनियंत्रित बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी घटना में शाहगंज थाना क्षेत्र के पिपरी गांव निवासी सर्वेश पटेल (22) पुत्र चंद्रभूषण बाइक से कहीं जा रहे थे। बैडाड़ गांव में बाइक अनियंत्रित होने से गिर पड़े और घायल हो गए। सूचना मिलने पर हादसे में घायल दोनों युवकों को घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
तीसरी घटना कोतवाली क्षेत्र के मझिगवां गांव के पास हुई। बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से उस पर बैठा सुनील (24) निवासी ढेढ़ी घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब बाइक सवार घोरावल से अपने घर जा रहा था। मझिगवां गांव में मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। उसके पैर व सिर में गंभीर चोट आई है। परिजन उसे घोरावल सीएचसी ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।