सोनभद्र के दुद्धी में एनआरएलएम में घोटाले का आरोप लगाते हुए आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं ने बृहस्पतिवार को विधायक के काफिले का घेराव किया। पीडब्लूडी गेस्ट हाउस के सामने ब्लाक गेट के पास मुख्य रोड पर खड़ी महिलाओं नेे विधायक से अपनी बात रखी। मामले की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। घेराव से कुछ देर के लिए मुख्य मार्ग जाम हो गया। विधायक ने दो दिनों में इसका निराकरण कराने का भरोसा दिया।
महिलाओं का कहना था कि एनआएलएम के तहत समूह बनाकर उनसे विविध कार्य कराए गए। धनराशि भी जमा कराई गई लेकिन इसका कोई लाभ उन्हें नहीं दिया जा रहा। लाखों रुपये गबन कर लिया गया है। पिछले दिनों इस मामले में महिलाओं ने बीडीओ से वार्ता की थी लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका। बृहस्पतिवार को भी महिलाएं बड़ी संख्या में ब्लाक पर एकत्रित थीं।
विधायक हरेराम चेरो के पीडब्लूडी रेस्ट हाउस में होने की जानकारी होते ही वहां पहुंच गई। जब विधायक रेस्ट हाउस से बाहर निकल रहे थे उनके काफिले को घेरकर महिलाएं मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करने लगीं। हंगामे के बाद विधायक ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि इसकी जांच कर दो दिनों में स्थिति स्पष्ट करा ली जाएगी। अगर घोटाला हुआ है तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। आश्वासन के बाद रास्ता खाली हुआ।