बीजपुर। रजमिलान गांव के कोटेदार की मनमानी की जांच करने पहुंचे अधिकारियों के सामने आरोपों की पुष्टि होने के बाद मामला बुधवार को गरम हो गया। अधिकारियों के समक्ष काफी संख्या में ग्रामीणों बयान दर्ज कराया।
रजमिलान गांव में संचालित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के खिलाफ ग्रामीणों में खासा आक्रोश दिखाई दिया। एक साल से चल रहे विवाद में विभागीय कार्रवाई न होने से खफा ग्रामीणों ने एसडीएम दुद्धी को पत्र भेज कर जांच और कार्रवाई की मांग की थी। इसी क्रम में बुधवार को गांव में जांच और कार्ड धारकों के बयान के लिए पहुंचे आपूर्ति निरीक्षक रामलाल व संजय कुमार शर्मा ने ग्रामीणों से बयान लिए। कार्ड धारकों ने बताया कि कोटेदार अंगूठा लगवा कर पैसा भी ले लेता है बावजूद राशन नहीं देता। राशन भी कम देता है। ग्रामीणों ने बताया कि परिषदीय स्कूल के सौ विद्यार्थियों का राशन कोटेदार ने नहीं दिया है। प्रधान रजमिलान बद्रीनाथ ने आपूर्ति निरीक्षक से तत्काल वर्तमान दुकान को निरस्त करने की मांग की। आपूर्ति निरीक्षक रामलाल और संजय कुमार शर्मा ने कहा कि कोटेदार के खिलाफ शिकायतें काफी हैं। मामले की बिंदुवार जांच की गई है। शिकायत सही पाई गई है। अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपी जाएगी और दिशानिर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।