Sonbhadra News: पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि बीते दो सितंबर को पांच-छह लोगों ने उसे मारा-पीटा। चोरी का आरोप लगाया। घसीट कर एक बांस में बांधकर फिर पीटा। पुलिस मामला दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
मोबाइल चोरी के आरोप में अनुसूचित जाति के एक युवक के साथ अमानवीय हरकत का मामला सामने आया है। घटना रायपुर थाना क्षेत्र के दुबेपुर गांव का है। आरोप है कि मनबढ़ों ने पहले युवक को बांधकर पीटा। इससे भी मन नहीं भरा तो करंट के झटके दिए। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। तीन आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन
दुबेपुर गांव निवासी राकेश (32) ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि दो सितंबर को करीब तीन बजे सिलहट बांध के पास लकड़ी लेने गया था। इसी दौरान गांव के पांच-छह लोग वहां आए। उस पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाकर पिटाई की। उसे घसीट कर घर ले आए और घर के सामने बांध दिए।
आरोपियों ने उसे रात भर बंधक बनाकर रखा। युवक के शरीर पर बिजली का करंट लगाकर चोरी कबूलवाने का भी प्रयास किया। उसके बाद सुबह उसे छोड़ दिया गया। दबंगों के डर से उसकी थाने पर जाने की हिम्मत नहीं हो रही थी। गत पांच सितंबर को किसी तरह हिम्मत जुटाकर परिवार के साथ पुलिस लाइन पहुंचा और एसपी को घटना की जानकारी दी।
विज्ञापन
एसपी ने तत्काल रायपुर थाना प्रभारी को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद रायपुर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर संजीव कटियार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।