पुलिस लाइंस चुर्क में छह माह का कठिन प्रशिक्षण पूरा कर 149 रिक्रूट्स यूपी पुलिस का हिस्सा बन गए। बुधवार को दीक्षांत परेड में शामिल होकर उन्होंने एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह को सलामी दी। एसपी ने उन्हें अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ दिलाई। दीक्षांत समारोह में अयोध्या के आशु सिद्दीकी को सर्वश्रेष्ठ रिक्रूट्स का सम्मान दिया गया। उन्हें कुल विभिन्न श्रेणियों में कुल 1500 पूर्णांक में से 1252 अंक प्राप्त हुए।
दीक्षांत परेड का निरीक्षण करने के बाद एसपी ने रिक्रूट्स को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि अच्छा शारीरिक, मानसिक और आधारभूत प्रशिक्षण एक व्यक्ति को पुलिस कर्मी बनाने के लिए नितांत आवश्यक है। आशा है कि आप सभी गरीब, जरूरतमंद, असहाय, पीड़ित लोगों की मदद को ध्यान में रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे और यूपी पुलिस का नाम रोशन करेंगे। एसपी ने सभी आईटीआई, पीटीआई और अंत: एवं बाह्य विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया। अंत: विषयों में कुल 800 के पूर्णांक से 752 अंक पाकर आशु सिद्दीकी प्रथम रहे। वाह्य विषयों में प्रथम रहे शुभम मिश्र को 600 में से 454 अंक प्राप्त हुआ। वहीं साक्षात्कार में प्रयागराज के उत्कर्ष यादव ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 100 में 70 अंक प्राप्त किया। सभी क्षेत्रों में सर्वोच्च अंक पाने वाले आशु सिद्दीकी को सर्वोत्तम प्रशिक्षु का पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर एएसपी मुख्यालय विनोद कुमार, एएसपी ऑपरेशन राजीव कुुमार सिंह, सभी सीओ, थाना प्रभारी आदि रहे। संचालन इंस्पेक्टर सीमा सिंह व एसआई सरोजमा सिंह ने किया।
प्रशिक्षण में जो कुछ सीखने को मिला है, उसका उपयोग अपने कामकाज में करते हुए समाज की सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। सेवा में आगे जाने के लिए प्रयास जारी रहेगा। सर्वोत्तम प्रशिक्षु चुने जाने का श्रेय प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन, माता-पिता के आशीर्वाद को है। - आशु सिद्दीकी।
छह माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद आरक्षी के रुप में पुलिस में शामिल होंगे, लेकिन इससे आगे जाने का पूरा प्रयास रहेगा। इसके लिए निरंतर तैयारी करेंगे। प्रशिक्षण में सिखाई गई बातों को कामकाज में उतारेंगे। - अनुज कुमार।
आधुनिक समाज की जरुरतों के अनुसार एक पुलिसकर्मी की भूमिका के बारे में इस प्रशिक्षण से काफी कुछ सीखने को मिला है। इसे ही अपने कामकाज का हिस्सा बनाकर जनता को बेहतर सेवा देनेेेे का प्रयास होगा। - उत्कर्ष यादव।