पुलिस के गिरफ्त में दोनों के आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
सोनभद्र एसपी अभिषेक वर्मा ने बुधवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह प्रकरण झूठी आन के लिए हत्या का है। दुक्खन गांव की ही मुन्नी को घर से भगाकर गुजरात ले गया था, जहां दोनों ने शादी कर ली थी। इस घटना से मुन्नी के घर वाले काफी क्षुब्ध थे। इसे अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा से जोड़कर उन्होंने दोनों की हत्या की साजिश रची। इसी के तहत मुन्नी के एक भाई मुन्ना ने दोनों को धूमधाम से शादी कराने का झांसा देकर घर बुलाया।
इस पर गुजरात में ही रह रहे मुन्नी के दो भाई उन्हें लेकर ट्रेन से मिर्जापुर तक आए। यहां से सभी पिकअप में सवार होकर पटना अपने गांव जाने लगे। रास्ते में हाथीनाला के पास सुनसान जगह देखकर जंगल में शौच जाने की बात कह कर वाहन रोका और फिर मुन्नी और उसके पति दुक्खन की हत्या कर दी। वारदात के बाद मुन्नी के शव को खोखा के जंगल में फेंक दिया, जबकि उसके पति दुक्खन का शव थोड़ी दूरी पर रजखड़ घाटी में फेंक दिया था।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि वारदात में शामिल मुन्ना कुमार (22) व राहुल उर्फ सिद्धार्थ (28) निवासी ग्राम मोतीपुर, थाना नौबतपुर, जिला पटना (बिहार) को हाथीनाला तिराहे से आगे रेणुकूट रोड पर गिरफ्तार किया गया। वहीं उनके तीन अन्य भाइयों अवधेश, राकेश और मुकेश की तलाश की जा रही है। वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी बरामद किया गया है। यह पूरी कार्रवाई ओबरा सीओ हर्ष पांडेय के नेतृत्व में हाथीनाला के प्रभारी निरीक्षक भैया एसपी सिंह, एसओजी/सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश जी चौबे की पुलिस टीम ने की।