म्योरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के धनखोर गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में बीते दिनों लापता हुए दो सगे भाइयों को पुलिस ने अंबिकापुर से बरामद किया है। एक भाई को पुलिस ने परिवार की सुपुर्दगी में दे दिया है, जबकि दूसरे को अपहरण के दर्ज मुकदमें में नाबालिग होने की दशा में बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। दोनों बच्चे पिता की डांट से क्षुब्ध होकर घर से चले गए थे।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के धनखोर गांव निवासी विश्वनाथ सोनी का बड़ा बेटा राहुल सोनी (24) अंबिकापुर से पढ़ाई पूरी करने के बाद घर पर ही रहता था, जबकि उनका छोटा बेटा लीलासी स्थित एक निजी कॉलेज में कक्षा 10वीं का छात्र था। राहुल 29 अक्तूबर की दोपहर तीन बजे के करीब घर से टहलने के लिए गांव में गया था। इसके बाद से उसका पता नहीं।परिजन उसकी खोजबीन में जुटे थे। इस बीच 22 नवंबर को दसवीं में पढ़ने वाला छोटा बेटा दीपूंज सोनी (17) भी लापता हो गया। वह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, मगर न स्कूल पहुंचा और न ही घर आया। विश्वनाथ सोनी की तहरीर पर पुलिस ने छोटे बेटे के अपहरण के आरोप में अज्ञात व्यक्ति पर केस दर्ज किया था। पुलिस ने छानबीन के बाद डीआईजी की अनुमति से छत्तीसगढ़ प्रांत के अंबिकापुर जाकर दोनों भाइयों को सकुशल बरामद कर लिया। शनिवार को बड़े लड़के को परिजनों के सुपुर्दगी में दे दिया है। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान ने बताया कि पूछताछ में बच्चों ने पिता की डांट से क्षुब्ध होकर घर से जाने की जानकारी दी है।