सोनभद्र। जिले के सभी थानों में शनिवार को थाना संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व और पुलिस विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई हुई। ओबरा में पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने फरियाद सुनी। सदर कोतवाली में एसडीएम कृपा शंकर पांडेय और सीओ राजकुमार त्रिपाठी ने प्रार्थना लिए। इस दौरान जिले में करीब 50 शिकायतें पहुंची जिसमें से सिर्फ दस का निस्तारण हुआ।
ओबरा थाने में पुलिस अधीक्षक के समक्ष एक शिकायती पत्र नगर पंचायत से संबंधित पहुंचा। एसपी ने संबंधितों को मौके पर निस्तारण करने के लिए भेजा। सदर कोतवाली में एसडीएम और सीओ के समक्ष दस पीड़ितों ने प्रार्थना पत्र दिए जिसमें दो का मौके पर निस्तारण हुआ। चुर्क निवासी गोविंद ने प्रार्थना पत्र देकर एक व्यक्ति पर जमीन कब्जा करने का आरोप लगाया है। वहीं अमौली निवासी प्रफुल्ल ने शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति उसकी जमीन पर अवैध कब्जा कर रहा है। एसडीएम ने क्षेत्रीय लेखपाल को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वहीं घोरावल कोतवाली परिसर में शनिवार को थाना समाधान दिवस कुल 16 शिकायती प्रार्थना पत्र पहुंचे। इनमें से 15 प्रार्थना पत्र राजस्व विभाग का व एक प्रार्थना पत्र पुलिस विभाग से संबंधित रहा। इनमें से दो मामलों में दो टीम का गठन कर निस्तारण के लिए मौके पर भेजा गया। इसमें एक का निस्तारण कर दिया गया। इसी तरह से अन्य थानों में अधिकारियों ने सुनवाई की।