नई दिल्ली में रेलवे बोर्ड चेयरमैन का पत्र देते सांसद पकौड़ी कोल
- फोटो : SONBHADRA
शक्तिनगर। कोरोना काल की शुरुआत से अभी तक बंद यात्री ट्रेनों को नहीं चलाए जाने पर सांसद पकौड़ी लाल कोल ने नाराजगी जताते हुए रेलवे बोर्ड चेयरमैन से मुलाकात की। चेयरमैन के आश्वासन से उम्मीद जगी है जल्द ट्रेनों का परिचालन शुरू होगा और ऊर्जांचल के यात्रियों को राहत मिलेगी।
सिंगरौली एवं शक्तिनगर रेलवे स्टेशनों से चलने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस के साथ टाटानगर-जम्मूतवी एक्सप्रेस के पुन: संचालन और पैसेंजर ट्रेनों के स्थान पर मेमो ट्रेन चलाने को लेकर सांसद पकौड़ी लाल कोल और क्षेत्रीय रेल सलाहकार समिति उत्तर मध्य रेलवे के सदस्य एसके गौतम ने चेयरमैन/सीईओ रेलवे बोर्ड विनय कुमार त्रिपाठी से रेल भवन नई दिल्ली में मुलाकात की। चेयरमैन ने बंद रेल गाड़ियों के शीघ्र संचालन का आश्वासन दिया। सांसद और एसके गौतम ने चेयरमैन द्वारा तीव्र गति से कराए जा रहे रेल ट्रैक दोहरीकरण कार्य, चोपन रेलवे स्टेशन पर वाशिंग लाइन, पिट लाइन तथा सिक लाइन के लिए लगभग 11 करोड़ के टेंडर कार्य आदेश एवं चोपन-चुनार एकल रेल सेक्शन पर गति सीमा बढ़ाए जाने के लिए 45 करोड़ धन राशि की स्वीकृति किए जाने पर धन्यवाद दिया। एसके गौतम ने रेलवे स्टेशनों पर एक स्टेशन एक उत्पाद बिक्री सह प्रचार केंद्र योजना तहत स्टाल आवंटन ज्यादा से ज्यादा रेलवे स्टेशनों पर पर शुरू कराने की मांग की। चेयरमैन त्रिपाठी ने कहा कि इस पर शीघ्र ही रेलवे बोर्ड से आदेश जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी यह योजना प्रारंभिक तौर पर एक रेल मंडल एक स्टेशन प्रारंभ की गई है और यह रेलवे की आय बढ़ाने की योजना नहीं है बल्कि हमारा उद्देश्य है कि कि महिला स्वयं सहायता समूह तथा उस क्षेत्र के स्थानीय उत्पादक बिक्री कर अपनी आय बढ़ा सकें।