जिले में छह जुलाई यानी बुधवार को छह केंद्रों पर यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा होगी। परीक्षा को नकल विहीन और पारदर्शिता के साथ सकुशल परीक्षा संपन्न कराने के मद्देनजर सोमवार को एडीएम सहदेव मिश्रा की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट व केंद्र व्यवस्थापकों की समीक्षा बैठक हुई।
एडीएम ने बताया कि यूपी बीएड की प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9 से 12 बजे तक होगी। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। ऐेसे में परीक्षा को नकल विहीन, पारदर्शिता एवं सूचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जाना सुनिश्चित करें। लापरवाही बरतने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। केंद्र पर प्रवेश पत्र और पेन के अलावा किसी भी प्रकार की अवैध सामग्री ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केंद्र के 500 मीटर की परिधि में फोटो स्टेट की दुकानों का संचालन बंद रहेगा। परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटे पूर्व छात्रों को पहुंचना होगा। बैठक के दौरान डॉ. प्रमोद कुमार प्राचार्य, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी राजेश खैरवार, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह, बीएसए हरिवंश कुमार, जिला कृषि अधिकारी हरि कृष्ण मिश्रा, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।