जिले में सघन मिशन इंद्रधनुष 4.0 अभियान आठ मार्च से चलाया जाएगा। यह अभियान तीन चरणों में चलेगा। इसके तहत गर्भवती महिलाओं और बच्चों का टीकाकरण होगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. गिरधारी लाल ने बताया कि जिले में आठ मार्च से सघन मिशन इंद्रधनुष 4.0 अभियान के प्रथम चरण की शुरुआत होगी। इसके बाद दूसरा चरण चार अप्रैल और तीसरा व अंतिम चरण दो मई से प्रारंभ होगा। इस अभियान के अंतर्गत गर्भवती माताओं और दो वर्ष तक की आयु के छूटे हुए बच्चों का स्वास्थ्य टीम टीकाकरण करेगी। अभियान का उद्देश्य उन सभी बच्चों का टीकाकरण करना है जिनका टीकाकरण किसी कारणवश अब तक नहीं हो पाया है। अभियान में गर्भवती माताओं को टीटी प्रथम, द्वितीय एवं बूस्टर का टीका लगाया जाएगा। इसके अलावा बच्चों को बीसीजी, ओपीबी, पेंटावाइलेंट, रोटा वायरस का टीका, आईपीबी व एमआर के टीके लगाए जाएंगे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी के अनुसार टीकाकरण अभियान से पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम जिले में 24, 25 और 26 फरवरी को सर्वे करेगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है और स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में शत प्रतिशत टीकाकरण नहीं हो पाया है और जो परिवार टीकाकरण से वंचित रह गए हैं उन परिवारों की काउंसलिंग भी की जाएगी।