प्रदेश के कई हिस्सों में जीका वायरस की दस्तक के बाद जिले का स्वास्थ्य महकमा भी अलर्ट हो गया है। दीपावली मनाने बाहर से आने वालों की निगरानी बढ़ा दी गई है। उनकी कोरोना जांच की जाएगी। संदिग्ध दिखते ही उन्हें आम लोगों अलग कर विशेष देखभाल में रखा जाएगा। इसके लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं।
कोरोना का असर कम होने के बाद जनजीवन फिर से पटरी पर लौटने लगा है। इस बीच देश-प्रदेश के कई हिस्सों में जीका वायरस की सक्रियता ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एलिज मच्छर से ही होने वाली यह बीमारी जानलेवा है। इसमें डेंगू की तरह ही पहले बुखार हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग कोरोना की तरह ही इससे बचाव के लिए सबसे सावधानी बरतने को प्रेरित कर रहा है। सीएमओ डॉ. नेम सिंह ने बताया कि जिले में अभी जीका वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है। फिर भी स्वास्थ्य टीमों को सतर्क किया गया है। दीपावली पर बाहर से आने वालों की विशेष निगरानी की जा रही है। आशा, एएनएम, ग्राम प्रधान को ऐसे लोगों की सूचना देने को कहा गया है, जिन्हें बुखार जैसे लक्षण हैं। लोग भी सावधानी बरतें। बुखार होते ही तत्काल जांच कराएं।