थाना क्षेत्र के एक गांव में आठ वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी युवक की धमकी से सहमी बालिका ने परिजनों को कुत्ता काटने की जानकारी दी। उसे लेकर पिता इलाज कराने जब अस्पताल पहुंचे तब दुष्कर्म की बात सामने आई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी फरार है।
एक गांव निवासी बालिका रविवार की शाम घर के बाहर खेलने गई थी। पिता के मुताबिक पड़ोस का युवक बेटी को बहला-फुसलाकर कुएं के पास ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। दर्द से कराहती बालिका को धमकी दी कि कोई पूछे तो कुत्ता काटने की बात ही बताए, वरना अंजाम बुरा होगा।
डरी-सहमी बालिका कराहते हुए घर पहुंची तो परिजनों ने उससे कारण पूछा। कुत्ता काटने की बात सुनकर पिता उसे लेकर चोपन सीएचसी पहुंचे। यहां जांच में डॉक्टर ने दुष्कर्म की जानकारी दी। पिता ने दोबारा बेटी से पूछताछ की तो उसने सच्चाई बताई।
पीड़िता को लेकर पिता अस्पताल से सीधे थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी केके सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपी देवसाह के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। बालिका को इलाज के लिए भेजा गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।