धान खरीद व्यवस्था में खामियों पर भारतीय किसान संघ भी मुखर हो गया है। शनिवार को संघ के प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। खरीद व्यवस्था में खामियां गिनाते हुए सभी किसानों का धान तौल कराने और उनका अंगूठा लगवाकर फीडिंग कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि क्रय केंद्र करमा, केकराही, गया रतवल पर किसानों का धान बाहर पड़ा हुआ है। इसकी अब तक खरीद नहीं की जा सकी। पीसीएफ केंद्र करमा, पांपी, फुलवारी, खैरपुर, केकराही में कुछ किसानों का तौल तो हुआ है, लेकिन अब तक उनका अंगूठा नहीं लग सका है। ऐसे किसानों के धान की फीडिंग भी नहीं हो पाई है। वह लगातार क्रय केंद्रों का चक्कर लगा रहे हैं। पीसीएफ के ही क्रय केंद्रों पर विक्रय हो चुके धान का अभी तक कुछ किसानों को भुगतान बाकी है, जबकि उनका धान महीने भर पहले बिक चुका है। उन्होंने किसान हित में समस्याओं के समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष रामबहादुर सिंह, जिला मंत्री प्रभुपाल मौर्य, रामजी सिंह मौर्य, सदानंद मौर्य, दयाराम मौर्य, हीरालाल आदि मौजूद रहे।