सोनभद्र। नगर पंचायत घोरावल में कोरोना काल के दौरान सफाई कर्मचारी से बिना सुरक्षा उपकरणों के सफाई कराने को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग ने गंभीरता से लिया है। शिकायत के आधार पर आयोग के उपाध्यक्ष ने डीएम को ईओ की कार्यप्रणाली की जांच कराने का निर्देश दिया है। डीएम अभिषेक सिंह ने एडीएम को जांच कराकर रिपोर्ट देने को कहा है।
राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष बब्बन रावत ने डीएम को पत्र भेजकर अवगत कराया है कि शंकर प्रसाद पुत्र स्व. लालधारी निवासी वार्ड नंबर एक घोरावल का प्रार्थना पत्र मूल रूप से भेजा जा रहा है। शंकर ने आयोग को अवगत कराया है कि वर्ष 2020 व 2021 में कोरोना काल व लॉकडाउन के दौरान बिना पीपीई कीट व सुरक्षा उपकरणों के काम करवाया गया। उसने इसका विरोध किया तो अधिशासी अधिकारी द्वारा 35 किमी दूर कोविड हॉस्पिटल में ड्यूटी लगा दी गई। बिना कोई कारण स्पष्ट किए कार्य से निलंबित कर दिया गया। उन्होंने डीएम को उचित जांच करवा कर पखवारे भर में कार्रवाई से आयोग को अवगत कराने को कहा है। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम को सप्ताह भर के भीतर जांच कर रिपोर्ट मुहैया कराने का आदेश दिया है। अपर जिलाधिकारी आशुतोष दूबे ने कहा कि निष्पक्ष ढंग से मामले की जांच शुरू कर दी गई है।