राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मानपुर गांव में शुक्रवार को दो पक्षों में लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। मारपीट में दोनों तरफ से एक किशोरी समेत सात लोग घायल हो गए। खेत में भैस जाने को लेकर विवाद हुआ। मौके पर फोर्स पहुंची तो विवाद करने वाले अधिकांश लोग फरार हो गए। जिला अस्पताल में गंभीर रूप से घायल सगे भाई समेत चार का उपचार हुआ।
दोपहर करीब 12 बजे खेत में भैस जाने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। सरेआम दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने से अफरा-तफरी मच गई।
इस दौरान एक पक्ष का एक युवक धारदार हथियार निकाल कर दूसरे पक्ष के लोगों पर वार करने लगा, जिससे हड़कंप मच गया। शोर-गुल सुनकर मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने विवाद करने वालों को समझा-बुझाकर शांत कराया। उधर घटना की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि मारपीट में प्रथम पक्ष से हरि यादव (50), रणजीत यादव (28), अमरजीत यादव (22) और दूसरे तरफ से मो. हुसैन (25) को गंभीर चोंटे लगी है। दूसरे तरफ से सद्दीक (42), खुद्दी बानो (18) और तौफिक (22) भी जख्मी हुए है।
जिला अस्पताल में पुलिस ने घायलों को ले जाकर इजाल और मेडिकल मुआयना करवाया। यहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने हरि यादव, रणजीत यादव, अमरजीत यादव को अत्याधिक चोंट लगने की बात कहीं। पुलिस का कहना है कि दोनों तरफ से एक-दूसरे के विरूद्ध तहरीर मिली है। जांच में जो भी दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।