शक्तिनगर। सिंगरौली जिले के जयंत पुलिस चौकी क्षेत्र के मोड़वानी डैम के पास सोमवार की देर शाम ऑटो पलटने से बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
शक्तिनगर के पीडब्लूडी मोड़ निवासी संगम लाल (10) पुत्र विनोद कुमार ऑटो से सोमवार को सिंगरौली गया हुआ था। देर शाम वापस आते समय जयंत पुलिस चौकी क्षेत्र के मोड़वानी डैम के पास ढलान पर आटो अनियंत्रित होने के बाद पलट गया। आटो के नीचे दबने से संगम गंभीर रूप से घायल हो गया। बालक के परिवार वाले पहले नेहरू शताब्दी चिकित्सालय ले गए लेकिन रुपये न होने की वजह से वे वहां से घायल को वापस एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना के संजीवनी चिकित्सालय ले आए। जहां हालत गंभीर होने पर संजीवनी के चिकित्सकों ने उसे पुन: नेहरू चिकित्सालय रेफर कर दिया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी रेफर किया गया। वाराणसी ले जाते समय संगम की मौत हो गई।