सोनभद्र। पन्नूगंज थाने में मंगलवार की रात पुलिस ने पथरहा गांव निवासी चतरा ब्लॉक प्रमुख मनीचंद्र की तहरीर पर भाजपा नेता जितेंद्र सिंह समेत दो लोगों के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। केस दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
वादी मनीचंद्र का कहना है कि मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे वह प्राथमिक विद्यालय मझिरा पर छठ पर्व के लिए साफ-सफाई करवा रहे थे। उनका आरोप है कि उसी वक्त उनके गांव के दो व्यक्तियों ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उनका गला दबाने लगे। शोर-शराबा सुनकर बीच बचाव करने के लिए उनके चाचा का लड़का रामप्रवेश छुड़ाने के लिए गया तो विपक्षीगणों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद दोनों उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख की तहरीर पर जितेंद्र सिंह व सतेंद्र सिंह निवासी पथरहा के खिलाफ एससीएसटी, मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जांच के दौरान बिजली के पोल को लेकर विवाद होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया दूसरे मामले में पथरहा निवासी अभय भुनेश्वर की तहरीर पर उसके गांव रहने वाले दीपक सिंह के विरूद्ध भी एससीएसटी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। वादी का आरोप है कि आरोपी उसके घर के पास रखे बिजली का पोल रात में उठा कर ले गए। पूछने पर भद्दी-भद्दी गाली देने लगे और जान से मारने की धमकी दी।