सोनभद्र। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा माले) के कार्यकर्ताओं ने लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर बुधवार को सदर तहसील में प्रदर्शन किया। इसके बाद शासन को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार ब्रजेश शर्मा को सौंपा।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी पर घटना को लेकर साजिश रचने का आरोप लगाया। इस दौरान वक्ताओं ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को मंत्रीमंडल से बर्खास्त किए जाने और उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। तीनों कृषि कानूनों को रद्द किए जाने एवं एमएसपी को कानूनी दर्जा दिए जाने की मांग की गई। नई बस्ती सोनकर चौराहा, पूरब मोहाल मस्जिद चौराहा पर कैंडल जलाकर लखीमपुर घटना में मरे किसानों को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर जिला कार्यालय सचिव राजदेव सिंह, भाकपा माले नेता शेख मोहम्मद कलीम अंसारी, ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन आईसा के जिला संयोजक शेख नजमा खातून, सोन हिरावल साउंड के कलाकार शेख अमीना खातून, चारु, रीता, उड़ाव, अनुराग उर्फ दीपू सोनकर, राजू सोनकर चांदनी सोनकर आदि मौजूद रहे।
घोरावल। लखीमपुर खीरी जनपद में शहीद हुए 4 किसानों और जम्मू कश्मीर के पूंछ जनपद में आतंकी हमले में शहीद हुए 5 जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए भारतीय किसान यूनियन (जनशक्ति) के कार्यकर्ताओं द्वारा मंगलवार रात फुलवारी गांव में कैंडल मार्च निकाला गया।
भाकियू (जनशक्ति) के ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद सिंह ने बताया कि किसानों और जवानों की शहादत पर मंगलवार रात गांव में किसानों ने अपने अपने दरवाजों पर कैंडल जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही किसानों ने कैंडल मार्च निकालकर किसान ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद सिंह के आवास पर पहुंचे और वहां कैंडल लगाकर दो मिनट का मौन रहकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर गोविंद सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तत्काल गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी को बर्खास्त करें और जम्मू कश्मीर में आतंकी हमला करने वाले आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करें। इस अवसर पर भाकियू (जनशक्ति) के जिला उपाध्यक्ष कैलाश सिंह, महेश कुमार मिश्रा, कोमल पांडेय, कुंदन, लवनीत कुमार, महेंद्र प्रसाद सिंह, लालबहादुर सिंह इत्यादि उपस्थित रहे।