किसानों को खरीद में सहूलियत के लिए सभी समितियों को माइक्रो एटीएम से लैस करने की तैयारी है। कुल 73 में से 35 समितियों पर पहले चरण में यह सुविधा मुहैया कराई जाएगी। माइक्रो एटीएम के जरिये सचिव अपने क्षेत्र किसानों और ग्राहकों को बैंकिंग सुविधा आदि प्रदान करेंगे।
राबर्ट्सगंज, ओबरा, दुद्धी और घोरावल तहसील क्षेत्र में स्थापित 78 सहकारी समितियों में से वर्तमान में 73 समितियां सक्रिय हैं। किसानों को बकाया जमा करने के लिए दूर-दूराज स्थित समितियों पर जाने में होने वाली दिक्कतों का दूर करने के लिए सरकार ने समितियों को माइक्रो एटीएम से लैस करने का निर्णय लिया है। शासन के निर्देश पर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चार अगस्त को कलेक्ट्रेट में डीएम अभिषेक सिंह और सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा प्रथम चरण में करीब 35 समितियों के सचिवों को माइक्रो एटीएम मुहैया कराएंगे। सचिवों को एटीएम संचालन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। सचिव आपके द्वार योजना के तहत किसानों के घर जाकर बकाया जमा कराएंगे। सोमवार को सहकारिता विभाग कार्यालय में सहायक निबंधक सहकारिता टी.एन सिंह की मौजूदगी में एटीएम वितरण कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर बैठक हुई।
समितियों को माइक्रो एटीएम से लैस करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। पहले चरण में 35 समितियों पर यह सुविधा मुहैया कराई जाएगी। माइक्रो एटीएम के जरिए सचिव किसानों के घर पहुंच कर बकाया जमा करा सकेंगे। चार अगस्त को कलेक्ट्रेट में सचिवों को माइक्रो एटीएम वितरण करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। - टीएन सिंह, सहायक निबंधक सहकारिता, सोनभद्र