अनपरा। छठीं इकाई बंद होने और कोयला आपूर्ति में सुधार के बाद अनपरा परियोजना में कोयले के स्टॉक में निरंतर सुधार हो रहा है। शुक्रवार सुबह तक परियोजना में कोयले का स्टॉक 110705 एमटी पहुंच गया था। कोयले का स्टॉक बढ़ते ही प्रबंधन ने डी के बाद ए और बी परियोजना से लोड कम करना बंद कर दिया है। हालांकि प्रदेश में बिजली की मांग में कमी के कारण इकाइयों से लगातार थर्मल बैकिंग का सिलसिला भी जारी है।
सीएम व केंद्रीय कोयला मंत्री के हस्तक्षेप के बाद पिछले एक सप्ताह से अनपरा परियोजना को रेल रैक से कोयले की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। इस दौरान 500 मेगावाट क्षमता वाली छठीं इकाई के बंद होने व इकाइयों से थर्मल बैकिंग जारी रहने से परियोजना में कोयले की खपत कम हो गई है। जबकि परियोजना को लगातार आवश्यकता से अधिक कोयले की आपूर्ति की जा रही है। बृहस्पतिवार को भी परियोजना को 41169 एमटी कोयले की आपूर्ति की गई। यह परियोजना की सभी सातों इकाइयों के पूर्ण क्षमता से संचालित होने की स्थिति में पड़ने वाली आवश्यकता 40 हजार एमटी से भी अधिक है। आवश्यकता से अधिक आपूर्ति के कारण परियोजना में क्रिटिकल स्थिति में पहुंच चुका कोयले का स्टॉक दिन-प्रतिदिन सुधार पर है। एक सप्ताह पूर्व परियोजना में कोयले का स्टॉक 50 हजार एमटी से भी कम हो गया था। स्टॉक में सुधार देख प्रबंधन भी राहत महसूस कर रहा है। बृहस्पतिवार परियोजना की उत्पादनरत छह इकाइयों से 37 एमयू बिजली का उत्पादन किया गया।