अनपरा। उप्र राज्य विद्युत उत्पादन निगम की सबसे बडी अनपरा परियोजना में कोयले का संकट दूर होता नजर नहीं आ रहा है। फिर से रेल रैक से कोयले की आपूर्ति रोक दिए जाने से परियोजना में कोयले का स्टाक खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। इसे देखते हुए प्रबंधन ए व बी के बाद डी परियोजना का भी लोड कम करने पर बाध्य हुआ है।
कोयले की किल्लत को देखते हुए पिछले कुछ दिनों से दो रेल रैक कोयला प्राप्त होने से अनपरा परियोजना में कोयले के स्टाक में सुधार की उम्मीद जगी थी। किंतु शुक्रवार को महज एक रेल रैक तथा शनिवार को वह भी नहीं मिलने से कोयले का स्टाक क्रिटिकल स्थिति में पहुंच गया है। शनिवार को अनपरा ए में 9461.02, बी में 10332.94 व डी परियोजना में 34614.44 एमटी कोयले का स्टाक रहा। कुल 54408.40 एमटी कोयला परियोजना के डेढ़ दिन के संचालन के लिए भी नाकाफी है। कोयला संकट के कारण परियोजना के ए संयंत्र से 65, बी से 110 व डी से 82 मेगावाट उत्पादन कम किया गया है। लोड कम होने के कारण परियोजना से रोज 6.676 मियू बिजली का नुकसान हो रहा है।
30 करोड़ का और हुआ भुगतान
कोयला संकट को देखते हुए उत्पादन निगम द्वारा एनसीएल को 30 करोड़ रुपये और भुगतान किया गया है। अभी तक अक्तूबर महीने में निगम द्वारा कोयले के लिए 130 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।