घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के महुआंव पांडेय गांव में शनिवार को बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। वहीं हादसे में एक किशोरी झुलस गई। इस घटना में एक बकरे की भी मौत हो गई।
महुआंव पांडेय गांव में शनिवार अपराह्न आधी दर्जन महिलाएं व लड़कियां बकरियां चरा रही थीं। अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गरज चमक के साथ बारिश होने लगी। इसी दौरान बिजली गिरने से वहां अपनी बकरियां चरा रही महुआंव पांडेय गांव निवासी मंगरी (62) पत्नी पुद्दीन की मौत हो गई, जबकि तारा (15) पुत्री अजय झुलस गई।हादसे में मंगरी की एक बकरे की भी बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने तारा को शाहगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना मिलते ही एसआई रामअवध घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल देवतानंद सिंह ने बताया कि बिजली गिरने से वृद्ध महिला की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।