सोनभद्र में कोरोना की दूसरी लहर के चलते बंद स्कूल एक जुलाई से खुलेंगे। सिर्फ अध्यापक ही स्कूल आएंगे। मोहल्ला क्लास, ई-पाठशाला के माध्यम से पाठन-पाठन कराया जाएगा। छात्र-छात्राओं को अग्रिम आदेश तक विद्यालय आने की अनुमति नहीं होगी। बीएसए ने शिक्षकों को पठन-पाठन संपादित कराने के लिए निर्देशित कर दिया है।
देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर चल रही है और तीसरी लहर आने की आशंका जताई जा रही है। इस खतरे की वजह से ही यूपी, सीबीएसई, आईसीएससी बोर्ड ने 10वीं और 12वीं की परीक्षाक्षों को रद्द कर दिया। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच यूपी सरकार ने 30 जून तक के लिए सभी स्कूलों को बंद कर दिया था। अब कोरोना का असर कम होने के बाद यूपी सरकार ने बेसिक शिक्षा विभाग को एक जुलाई से कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों को खोलने का निर्देश दे दिया है। बेसिक शिक्षाधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल का कहना है कि एक जुलाई से विद्यालय खुलेंगे, लेकिन सिर्फ अध्यापक ही आएंगे। उन्होंने कहा कि मोहल्ला क्लास, ई-पाठशाला के माध्यम से बच्चों को पढ़ाया जाएगा।