सोनभद्र। जिले में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से संचालित 2079 आंगनबाड़ी केंद्रों पर अब बच्चों, किशोरियों और गर्भवती महिलाओं दलिया और पंजीरी की जगह सूखा राशन दिया जाएगा। राशन वितरण की जिम्मेदारी समूहों के 2920 सदस्यों को दी गई है। प्रत्येक कोटे की दुकान से आंगनबाड़ी केंद्रों तक राशन पहुंचाने के लिए चार-चार सदस्यों की ड्यूटी लगाई गई है।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के 2079 आंगनबाड़ी केंद्रों पर सूखा राशन उपलब्ध कराने की जानकारी बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग ने अक्तूबर में सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविका व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अवगत करा दिया था। पुष्टाहार वितरण को लेकर आ रही शिकायतों के मद्देनजर शिशु गर्भवती, धात्री व किशोरियों को स्वास्थ्य व सही पोषण को गति प्रदान करने के उद्देश्य से अनुपूरक पोषाहार की जगह सूखा राशन वितरित करने की व्यवस्था शुरू की गई है।
सूखा राशन में गेहूं, दाल, चावल, देसी घी, मिक्स दूध पाउडर किया जाएगा। गर्भवती धात्री महिलाओं व 11 से 14 वर्ष की किशोरियों को प्रतिमाह 2 किलो गेहूं, एक किलो चावल, 750 ग्राम दाल एवं तिमाही 450 ग्राम देशी घी, 750 ग्राम मिक्स दूध पाउडर दिया जाएगा। 6 माह से 3 वर्ष के बच्चों को प्रतिमाह 1.5 ग्राम गेहूं, एक किलो चावल, 450 ग्राम दाल एवं तिमाही 450 ग्राम देशी घी, 400 ग्राम मिक्स मिल्क पाउडर दिया जाएगा। यह व्यवस्था 3 वर्ष से 6 वर्ष के बच्चों पर भी लागू है। इसी प्रकार अति कुपोषित बच्चों को प्रतिमाह 2.5 किलो गेहूं, 1.5 किलो चावल, 500 ग्राम दाल एवं तिमाही 900 ग्राम देशी घी, 750 ग्राम मिक्स दूध पाउडर दिया जाएगा। समूह के 2920 सदस्य कोटे की दुकानों से राशन ले जाकर आंगनबाड़ी केंद्रों पर पहुंचाएंगे।
-
इनसेट
वितरण में हुई गड़बड़ी तो नपेंगे कार्यकर्ता
सोनभद्र। सरकार ने शिशु, गर्भवती, धात्री व किशोरियों के स्वास्थ्य व सही पोषण के उद्देश्य से आंगनबाड़ी केंद्रों पर लाभार्थियों को सूखा राशन मुहैया कराने की योजना लागू की है। इसकी मानीटरिंग जिला स्तर पर की जा रही है। अगर किसी आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़े लाभार्थियों को राशन वितरण में गड़बड़ी करने की सूचना मिलेगी तो उसकी जांच सीडीपीओ की अध्यक्षता में कराई जाएगी। आरोप की पुष्टि होने पर संबंधित कार्यकर्ता के खिलाफ केस दर्ज कराते हुए उसकी सेवा समाप्त की जाएगी।
-
वर्जन
जिले की 730 कोटे की दुकानों से आंगनबाड़ी केंद्रों पर राशन पहुंचाने के लिए समूह के 2920 सदस्य लगाए गए हैं। कोटे की दुकान से केंद्रों तक राशन पहुंचाने के लिए चार-चार सदस्य लगाए गए हैं। लाभार्थियों को सूखा राशन वितरित न करने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।-अजीत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी