प्लास्टिक व पॉलिथीन का इस्तेमाल पर्यावरण के साथ मानव की सेहत के लिए भी खतरनाक है। कभी न नष्ट होने वाला पॉलिथीन भू-गर्भ जल को भी प्रदूषित कर रहा है। हिंडाल्को रेणुसागर में आयोजित वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हिंडाल्को क्लस्टर के मुखिया एन नागेश ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि अब पर्यावरण संरक्षण को लेकर मात्र चिंतन नहीं लेकिन योजनाओं को धरातल पर क्रियान्वित करने की जरूरत है। तभी हम विनाशकारी प्लास्टिक व पालिथीन से प्रकृति की रक्षा कर सकते हैं।
परिसर को पालिथीन मुक्त बनाने की दिशा में प्रबंधन के पहल की उन्होंने सराहना की। मुख्य अतिथि ने रेणुसागर के अध्यक्ष ऊर्जा केपी यादव के साथ संयुक्त चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. बीके सिंह को पोर्टेबल ईसीजी मशीन व अन्य चिकित्सा उपकरण प्रदान किया। इस दौरान कंपनी के संविदाकारों को कपडे़ से निर्मित एक हजार कपडे़ के बैग भी वितरित किए गए। सीएसआर प्रभारी एके झा ने बताया कि प्लास्टिक व पॉलिथीन का प्रयोग रोकने के लिए पिछले तीन महीने से सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसका सकारात्मक असर भी देखने को मिल रहा है। इस मौके पर संजय सिंह, सुदिप्ता नायक, मनु अरोरा, कुमार हर्षवर्द्घन, संजय श्रीमाली, केआर बाबू, मनीष सिंह, परेश ढोले, राजेश सैनी, समीर आनंद आदि मौजूद रहे।