मधुपुर। लेवी का चावल जमा न करने पर सदर एसडीएम डॉ. केएस पांडेय ने मंगलवार को कम्हरिया गांव स्थित कृष्णा राइस मिल को सील कर दिया। जब्त सामानों की सूची बनवाकर पीसीएफ के अफसरों को सौंप दिया गया। भूखंड की बिक्री को प्रतिबंधित कर दिया है।
राइस मिल पर करीब 122 टन चावल बकाया है। कई बार नोटिस देने के बाद भी बकाया जमा न करने पर डीएम ने कार्रवाई का निर्देश दिया था। मंगलवार की दोपहर एसडीएम फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। राइस मिल के उपकरण और मशीनों की सूची तैयार कर सभी दरवाजों को सील कर दिया। मिल के उपकरण व सामान सूची सहित पीसीएफ के जिला प्रबंधक रवि प्रताप सिंह को सौंप दिया गया। भूखंड की बिक्री न करने की नोटिस भी चस्पा की गई। एसडीएम ने बताया कि मिल में उपलब्ध सामानों की नीलामी कर बकाया चावल की वसूली की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से राइस मिलर्स में खलबली मच गई है। इस मौके पर नायब तहसीलदार कैलाश नाथ यादव, सदर इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र राय, सुकृत चौकी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।