सोनभद्र के अनपरा क्षेत्र के बैरपान इलाके में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में 12 लोग घायल हो गए। चार घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना सुबह आठ बजे के करीब रीवा-रांची राष्ट्रीय मार्ग पर हुई।
शक्तिनगर से जा रही निजी बस की ट्रक से टक्कर हो गई। इस हादसे में बस में सवार 12 व्यक्ति घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। घायलों को डिबुलगंज स्थित संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। चार की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने चारों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। निजी बस यात्रियों को लेकर शक्तिनगर से मिर्जापुर के लिए रवाना हुई थी।बस जैसे अनपरा से आगे बैरपान गांव के पास पहुंची उसी वक्त रेणुकूट की तरफ से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। इससे बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ। इसके चलते आगे बैठी सवारियों को चोटें आईं। घायलों की चीख-पुकार सुनकर सड़क से गुजर रहे लोग बचाव में जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को संयुक्त चिकित्सालय भेजवाया। अनपरा के प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे की असल वजह नहीं पता चल सकी लेकिन गलती ट्रक चालक की बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल चार लोगों को रेफर किया गया है।
घायल सोनभद्र, मिर्जापुर व झारखंड के
अनपरा के बैरपान इलाके में जिन घायलों का नाम पता मिल सका उनमें से सोनभद्र के साथ मिर्जापुर व झारखंड के लोग शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि जगदीश भारती (51) निवासी डिबुलगंज, सत्येंद्र यादव (30) निवासी पिपरी, लालबाबू (32) निवासी डिबुलगंज, रवि भारती (35) डिबुलगंज, भोलाराम (46) निवासी डिबुलगंज, आकाश (19), राजकुमार निवासी मड़िहान, बुद्दीराम (32) निवासी नगरऊंटारी, झारखंड, रविशंकर (26) निवासी गरबंधा, रेणुसागर सहित अन्य घायल हुए हैं। अनपरा के निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मामूली रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।