जिले में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) को लेकर पहले चरण में प्रवेश के साथ ही दूसरे चरण के लिए आवेदन शुरू हो गया है। पहले चरण में कुल 1846 आवेदन शिक्षा विभाग को मिले थे। इसमें से 43 आवेदन निरस्त कर दिए गए थे। पात्र 799 बच्चों के अभिभावकों को सहमति पत्र बांटे जा चुके हैं। वहीं विभाग ने दूसरे चरण के आवेदन के लिए पोर्टल खोल दिया है। 30 मार्च तक आवेदन किए जा सकेंगे।
गरीब के बच्चों को भी निजी और अच्छे स्कूलों में दाखिला मिले, इसे लेकर आरटीई योजना संचालित की जा रही है। आरटीई के तहत निजी विद्यालयों की 25 प्रतिशत सीटाें पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चों को दाखिला दिया जाता है। इसके लिए 2500 सीटें आरक्षित हैं। नए सत्र में प्रवेश के लिए 20 जनवरी से पहले चरण की प्रक्रिया शुरू हुई थी। जो 18 फरवरी तक चली। इस प्रक्रिया के तहत जिले में पहले चरण में कुल 1846 बच्चों ने आवेदन किए था। इसमें से 43 आवेदन निरस्त होने के बाद 1803 छात्रों के बीच पहली लॉटरी खोली गई। इसमें 799 बच्चों का चयन किया गया। इसमें से शेष बची 1701 सीटों के लिए दूसरा चरण एक मार्च से 30 मार्च तक रहेगा। इसके बाद लॉटरी निकालकर बच्चों को प्रवेश दिलाया जाएगा। इसके बाद बाकी सीटों के लिए तीसरा चरण 15 अप्रैल से 8 मई और चौथा चरण 1 जून से 20 जून तक रहेगा। आवेदन ऑनलाइन ही लिए जाएंगे।