जर्जर हो चुकी जिले की करीब 134 ग्रामीण सड़कों के दिन बहुरने वाले हैं। जिला पंचायत विभाग की तरफ से ग्रामीण सड़कों का नवनिर्माण, मरम्मत करने के साथ ही छोटी-बड़ी पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण कार्यों पर पंचम राज्य वित्त योजना और 15वां राज्य वित्त योजना से कार्य कराया जाना है। टेंडर की प्रक्रिया में जिला पंचायत विभाग जुट गया है। टेंडर होते ही सड़कों पर काम शुरू हो जाएगा।
कोरोना महामारी के दौरान जर्जर हो चुकी ग्रामीण सड़कों की मरम्मत नहीं हो पायी थी। बाद में चुनाव के चलते मरम्मत कार्य नहीं हो पा रहा था। काफी समय से मरम्मत कराए जाने की मांग की जा रही थी। स्थिति सामान्य होने पर निर्माण कार्यो पर जोर दिया जा रहा है। पिछले दिनों जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में सदस्यों की तरफ से सड़कों के मरम्मत एवं निर्माण कार्य के लिए प्रस्ताव दिए गए। प्रस्ताव पर जिला पंचायत विभाग की तरफ से 134 सीसी रोड व सड़कों के मरम्मत कराने के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। करीब 28 करोड़ की लागत से सदर ब्लॉक के कुसुम्हा, बहुआर, उरमौरा, छपका, बढ़ौली, कम्हारी रोड, पुसौली, चतरा ब्लॉक के चपईल, रामगढ़, किचार, कोन ब्लॉक के चांचीकला और बभनी ब्लॉक के नेमना गांव सहित 134 संपर्क मार्गों का निर्माण व मरम्मत कराया होगा। इसमें पंचमराज वित्त योजना से 105 और 15वां राज्य वित्त से 29 संपर्क मार्गो पर काम होगा। सड़कों की मरम्मत होने से लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।