कलियुगी बेटे ने शुक्रवार रात जमीन की लालच में बुजुर्ग पिता की धारदार हथियार से हत्या कर दी। सुबह उसका शव चारपाई पर पड़ा मिला तो कोहराम मच गया। मामला सीतापुर के परसेंडी गांव का है।
चचेरी बहन की तहरीर पर बुजुर्ग के बेटे के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हो गया है। पुलिस आरोपी को तलाश रही है।
एसओ तालगांव फूलचंद ने बताया कि परसेंडी गांव निवासी श्रीकृष्ण मौर्य (65) पुत्र अंगने की रात को धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई।
बहन ने लिखाई रिपोर्ट
घटना को लेकर बुजुर्ग की भतीजी सकरन क्षेत्र के भिठमनी गांव निवासी रामदेवी ने बेटे राजाराम के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
रामदेवी के मुताबिक श्रीकृष्ण व उसके पिता संबारी सगे भाई थे। दोनों के पास 17 बीघा पैतृक जमीन थी। रामदेवी का कहना है कि बचपन में ही उसके पिता संबारी की मौत हो गई थी।
नहीं चाहता था पिता जमीन बेचें
जिसके बाद पालन-पोषण व शादी पिता के बड़े भाई श्रीकृष्ण ने ही किया। करीब एक साल पूर्व उसके कहने पर श्रीकृष्ण ने उसके पिता के हिस्से की आधी जमीन उसके नाम कर दी थी।
पर श्रीकृष्ण के बेटे राजाराम को शक था कि कहीं उसके पिता सारी जमीन किसी को बेच न दें या रामदेवी के नाम कर दें। आरोप है कि इसी शक के कारण राजाराम ने पिता की हत्या कर दी।
एसओ का कहना है कि श्रीकृष्ण ने दो बीघा जमीन हाल ही में बेची थी, जिससे राजाराम को शक था कि उसके पिता सारी जमीन बेच देंगे। जिसके चलते उसने पिता को धारदार हथियार से काट डाला।