सीतापुर। मिश्रिख कोतवाली इलाके में भाई के साथ मायके जा रही विवाहिता से लूट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। एक बदमाश को लूट के समय ही लोगों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया था। तीनों बदमाशों को जेल भेज दिया गया है।
शुक्रवार को क्षेत्र के रामपुरग्रंट निवासी शिवम अपनी बहन रूपाली को उसकी ससुराल से लेकर लौट रहा था। इलाके के ज्ञानसागर गांव स्थित पुलिया के पास पीछे से बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया था। असलहे के बल पर बदमाशों ने रूपाली से करीब डेढ़ लाख के जेवर लूट लिए थे। लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
शनिवार को एएसपी साउथ एनपी सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मिश्रिख पुलिस ने गंगापुर नहर किनारे से पुलिस मुठभेड़ में जिला हरदोई थाना कछौना के तुसौरा निवासी कृष्ण बहादुर सिंह व नितिन यादव को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से लूटा गया माल और असलहे बरामद हुए। आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।