लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में एक घर में चोरी के प्रयास के दौरान अजब-गजब मामला हुआ। दीवार में नकब लगाकर अंदर घुस रहे चोरों का सिर कमरे में पड़े बेड से टकरा गया। इससे चोर बिना चोरी किए ही मौके से भाग निकले। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है।
लहरपुर इलाके के मोहल्ला छावनी में निवासी मोहम्मद शमीम के घर में नकब लगाकर चोरों ने चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। बताते हैं कि चोर दीवार काटकर घर में अंदर घुसने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन कमरे में पड़े बेड में सिर लड़ गए। इससे परिवार के लोगों की आंख खुल गई और कमरे की बिजली ऑन कर दी।
मामले की नजाकत को देखते हुए पकड़े जाने के डर से चोर मौके से फरार हो गए। गृहस्वामी ने मामले की तहरीर पुलिस को दे दी है। कस्बा चौकी इंचार्ज जयप्रकाश यादव ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। संवाद