जिला कारागार का निरीक्षण कर वापस आते डीएम-एसपी। (संवाद)
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। जिले के डीएम-एसपी ने जेल में शनिवार को छापा मारा। छापे के दौरान जेल में बंद सपा सांसद आजम खां के बेटे अब्दुल्ला समेत सभी बंदियों की बैरकों और कैदियों की तलाशी कराई गई। छापे में सीओ, चार थानेदार और भारी पुलिस फोर्स शामिल रही। कुल सात टीमें बनाकर तलाशी ली गई। जेल प्रशासन का दावा है कि ये एक रूटीन छापा था।
डीएम विशाल भारद्वाज, एसपी आरपी सिंह शनिवार को जेल में छापा मारने पहुंचे। जेल के अंदर पहुंचते ही डीएम-एसपी ने पुलिस की सात टीमें बनाकर एक-एक बैरक की गहनता से छानबीन कराई। जेल में बंद कैदियों और बंदियों की तलाशी ली गई। छापे के दौरान जेल में बंद सपा सांसद आजम खां के बेटे अब्दुल्ला की बैरक भी खंगाली गई। इस समय आजम खां जेल में नहीं हैं, वह लखनऊ में भर्ती हैं। जहां उनका इलाज चल रहा है। छापे में पुलिस टीमों को जेल के अंदर से कोई संदिग्ध वस्तु या सामग्री नहीं मिली है। सब कुछ ठीकठाक होने का दावा किया जा रहा है।
बैरकों और बंदियों की तलाशी में सीओ सिधौली यादुवेंद्र यादव, आरआई पुलिस लाइंस, चार थानेदार, प्रभारी महिला प्रकोष्ठ शामिल रहे। इसके अलावा डीएम-एसपी ने जेल की पाकशाला, अस्पताल, भोजनालय समेत पूरी जेल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम-एसपी ने आदेश दिए कि जेल की सफाई व्यवस्था और बेहतर की जाए।
सुरक्षा को लेकर जेल के जिम्मेदार और सतर्क रहें, बंदीरक्षकों को अलर्ट किया जाए। बंदियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। करीब डेढ़ घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान डीएम-एसपी ने जेल प्रशासन को कई और बिंदुओं पर काम करने के आदेश दिए हैं। इस दौरान जेल अधीक्षक सुरेश सिंह, जेलर आरएस यादव मौजूद रहे। जेल अधीक्षक सुरेश सिंह ने बताया कि डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण था। ये मासिक निरीक्षण हर माह होता है। तलाशी के दौरान अब्दुल्ला की भी बैरक खंगाली गई, तलाशी के दौरान कहीं कोई गड़बड़ी नहीं मिली।