सीतापुर। आउट ऑफ स्कूल बालिकाओं का विद्यालय में नामांकन कराए जाने को लेकर शुक्रवार को एक दिवसीय कार्यशाला जीआईसी सीतापुर में आयोजित की गई। इसमें अधिक से अधिक नामांकन कराए जाने के निर्देश दिए गए।
पोषण अभियान के तहत संकुल शिक्षक व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की कार्यशाला जीआईसी में हुई। इसका उद्घाटन सीडीओ अक्षत वर्मा ने किया। बीएसए अजीत कुमार ने कहा कि यह एक पुनीत कार्य है। बालिकाओं को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने का अनूठी पहल है। इसके माध्यम से सभी आउट ऑफ स्कूल की बालिकाओं के नामांकन का प्रयास किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी राजकपूर ने कहा कि दोनों विभागों के समन्वय से यह प्रयास किया जा रहा है कि कोई भी बालिका शिक्षा से वंचित न रहे। सही तरीके से खानपान व स्वच्छता के माध्यम से स्वस्थ जीवन पा सके। जिला समन्वयक बालिका शिक्षा ने ब्लॉक स्तरीय कार्यशाला व चिह्नांकन कैसे व कब किया जाएगा और नामांकन कराने की रणनीति पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला के प्रथम बैच में विकासखंड खैराबाद, लहरपुर, पहला, परसेंडी, मिश्रिख, गोंदलामऊ, एलिया, कसमंडा, बिसवां, मछरेहटा के 214 व द्वितीय बैच में रेउसा, सिधौली, महोली, रामपुर मथुरा, हरगांव, महमूदाबाद, सकरन, बेहटा व पिसावां के 204 संकुल शिक्षकों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।