सीतापुर। जनशिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण न करने पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात कुमार सिंह से एडीएम न्यायिक प्रभारी अफसर आईजीआरएस ने जवाब-तलब किया है। तीन दिन में जवाब देना है, अन्यथा कार्यवाही प्रस्तावित कर दी जाएगी।
आईजीआरएस संदर्भ के गुणवत्ता परक निस्तारण के लिए शासन से निर्देश जारी किए जाते हैं, साथ ही प्रतिदिन प्राप्त होने वाले संदर्भों की समीक्षा उच्चस्तर पर लगातार की जा रही है। अफसर शिकायतों की रिपोर्ट सरसरी, आधारहीन, गुणवत्ता रहित पोर्टल पर अपलोड कर रहे हैं। प्रभारी अधिकारी आईजीआरएस हरिशंकर लाल शुक्ला ने निस्तारित मामलों की समीक्षा की तो मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के दो मामले गुणवत्ता रहित पाए गए। डीएम पोर्टल की पूर्व मंडल अध्यक्ष भाजपा जगदंबा प्रसाद तिवारी की शिकायत एवं विकास खंड पिसावां निवासी अभय कुमार सिंह की एक शिकायत को सरसरी तौर पर आधारहीन एवं गुणवत्ता रहित अपलोड की गई है। एडीएम न्यायिक द्वारा इन्हें स्पष्टीकरण जारी किया गया है, अपना लिखित स्पष्टीकरण तीन दिन में प्रस्तुत करें, अन्यथा कार्यवाही कर दी जाएगी।