सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके में पंचमपुरवा के निकट सोमवार रात एक युवती की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। इसके बाद उसकी लाश को सरायन नदी में फेंक दिया। घटनास्थल से पुलिस ने चाकू, बैग, कपड़े, पायल, घड़ी व ढाई हजार रुपये बरामद किए हैं। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। बैग से जालंधर के एक सर्राफ का विजिटिंग कार्ड भी मिला है। युवती के कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे। ग्रामीणों ने रेप की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पंचमपुरवा के निकट नदी में ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह एक युवती (20) की लाश पड़ी देखी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसने साड़ी, ब्लाउज पहन रखी थी। नदी में जहां पर लाश मिली थी, उससे कुछ दूरी पर पतवार की झाड़ियों में खून आदि के निशान मिले हैं। उसके गले व चेहरे पर चाकू के निशान मिले हैं। कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले रेप किया गया होगा। इसके बाद लाश को जंगल से खींच कर नदी में फेंक दिया गया। घटनास्थल से चाकू, बैग, कपड़े, महिला के कपड़ों से छोटी पर्स में ढाई हजार रुपये व जालंधर के एक ज्वैलर्स का विजिटिंग कार्ड मिला है। अनुमान लगाया जा रहा है कि युवती जालंधर की हो सकती है। इंस्पेक्टर दीपक शुक्ला का कहना है कि महिला की चाकू से गोद कर हत्या की गई है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही रेप की पुष्टि हो सकेगी।