बारिश से उफनाए नालों में डूबने से एक बालिका समेत दो की मौत हो गई। पुलिस ने जरूरी लिखा-पढ़ी के बाद शवों को परिवार के हवाले कर दिया है। थानगांव थाना क्षेत्र के ग्राम शुक्लनपुरवा निवासी रजित रात उर्फ राममूर्ति की पुत्री ज्ञानवती (12) गुरुवार को जानवरों को चराने गई थी।
गांव के बाहर निकला नाला बरसात का पानी आने से इन दिनों उफनाया है। बताते हैं कि अचानक एक जानवर नाले में चला गया। उसे निकालने के लिए ज्ञानवती भी नाले में उतर गई। गहराई आधिक होने के कारण बालिका पानी में डूब गई।
वहां मौजूद लोगों ने उसे बचाने के लिए नाले में छलांग लगा दी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद लोगों ने उसे बाहर निकाला लेकिन तब तक डूबने से उसकी मौत हो चुकी थी। उधर, रेउसा के ग्राम रमुआपुर कालिका बक्स निवासी राम मिलन (40) पैदल ही कहीं जा रहा था। दुर्गापुरवा पडरौना नाला के निकट गुजरते समय अचानक राम मिलन का पैर फिसल गया और वह नाले में गिर गया। जिसकी वजह से राम मिलन की डूबकर मौत हो गई।