जालसाजों ने गोशाला के लिए जमीन दिलाने के नाम पर गाजियाबाद के एक व्यक्ति से 11 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करा दिया है।
एसओ आलोक राव का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। गाजियाबाद के मोदी नगर निवासी स्वामी परमानंद ने बताया कि उसे गोशाला स्थापित करने के लिए रामपुर मथुरा इलाके में जमीन की तलाश थी।
इसी सिलसिले में वह रेउसा व रामपुर मथुरा क्षेत्र में लोगों से मिल रहा था। रेउसा में जमौली निवासी जगदंबा तिवारी से उसकी मुलाकात हुई। उसने जमीन दिलाने का वादा किया।
जिसके बाद उसने रामपुर मथुरा क्षेत्र के शुकुलपुरवा निवासी राजाराम, छविलाल, नौशेरा निवासी संजय व रिंकू आदि की जमीन दिखा थी। करीब पांच बीघा जमीन के बदले उसने 11 लाख 20 हजार रुपये दे दिए।
इसके बाद महमूदाबाद चलकर रजिस्ट्री करने की बात कही। जब ये लोग महमूदाबाद पहुंचे और वहां से खसरा खतौनी निकलवाई तो पता कि जिस जमीन को वह खरीद रहा है, वह घाघरा नदी में कट चुकी है। उसे ठगा जा रहा है। उसने लोगों से रुपये वापस करने को कहा तो वह लोग मुकर गए।
जिसके बाद शनिवार को परमानंद ने जगदंबा तिवारी, पारस, राजाराम, छविलाल, संजय, रिंकू, छुन्ने, विजय के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। एसओ आलोक राव का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।