खेत में मिला झुलसा हुआ शव
मछरेहटा (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में घर से काम निकले एक बुजुर्ग का शव खेत में पड़ा हुआ मिला। पूरा शरीर बुरी तरह से झुलसा हुआ था। क्षेत्र के बाशिंदे हत्या का संदेह जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मृतक के शरीर पर हत्या जैसे कोई निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
थाना क्षेत्र के गद्दीपुर निवासी रामलोटन (65) मजदूरी करता था। 16 जून को वह मजदूरी करने के लिए नेवाजीपुर निवासी भगवानदीन के घर गया था। जिसके बाद वह संदिग्ध हालात में लापता हो गया। परिवार ने भगवानदीन से पता किया, तो बताया गया कि वह 16 जून की शाम को ही घर के लिए निकल लिया था।
इधर सोमवार को गद्दीपुर गांव के कुछ ग्रामीण जानवरों के लिए घास लेने खेतों की तरफ गए। इसी बीच रानू सिंह के खेत में रामलोटन का शव पड़ा देखा। उसका पूरा शरीर बुरी तरह से झुलसा हुआ था। परिवारीजन मौके पर पहुंचे और शिनाख्त की।
इस दौरान गांव के बाशिंदे हत्या कर शव फेंके जाने की बात कह रहे थे। थानाध्यक्ष बलराम मिश्रा ने बताया कि मृतक के पुत्र चेतराम ने शव पड़े होने की सूचना दी है, लेकिन हत्या की बात नहीं कही है। बावजूद इसके घटना के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।