रामपुर मथुरा (सीतापुर)। स्वास्थ्य विभाग में कोरोना वैक्सीन को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। ऐसा ही एक मामला रामपुर मथुरा में सामने आया है। यहां पर एक साल पहले ही मृत हुए व्यक्ति को टीकाकरण का प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया। सोशल मीडिया पर मामला आया तो स्वास्थ्य विभाग ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए इसे तकनीकी खामी बताया।
रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के हर्दिहापुरवा मजरे गड़चपा निवासी अंगनू की मृत्यु करीब एक वर्ष पूर्व हुई थी। बुधवार को उनका कोविड वैक्सीनेशन का प्रमाणपत्र जारी हो गया। सोशल मीडिया पर खबर वायरल होते ही हड़कंप मच गया। अंगनू के पुत्र बालकराम ने बताया कि पिता की मृत्यु करीब एक वर्ष पूर्व हो चुकी है। यह प्रमाणपत्र गलत जारी हुआ है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुशील वर्मा ने बताया कि 09 अगस्त को बालकराम पुत्र अंगनू व उनके कुछ परिवारीजनों ने कोविड 19 का टीका लगवाया था। इनके किसी परिवारीजन द्वारा ही शायद अंगनू के आधार की फोटोकॉपी गलती से लगा दी होगी। तभी उनके नाम से वैक्सीनेशन प्रदर्शित हो रहा है। क्योंकि अंगनू के वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र में उनके पुत्र बालकराम का ही मोबाइल नंबर लगा हुआ है।