तीन गिरफ्तार, चोरी की रकम और चाकू बरामद
सिद्धार्थनगर। सदर पुलिस ने मंगलवार की सुबह चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को महरिया ढाला से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से नकदी और दो चाकू बरामद किए गए। पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उनका चालान कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक सदर केडी सिंह ने बताया कि चोरी के मामले में पर्दाफाश करने के लिए पुलिस टीम लगी हुई थी। इसी बीच मंगलवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्य क्षेत्र के महरिया ढाला के पास मौजूद हैं। जेल चौकी प्रभारी हरेंद्र राय, एसआई अजय कुमार सिंह, राकेश त्रिपाठी और चंदन कुमार पुलिस टीम के साथ वहां पहुंच गए। इसी बीच तीन संदिग्ध लोग ढाले के पास दिखे।
पुलिस उनको पकड़ने के लिए आगे बढ़ी तो वे भागने लगे। जवानों ने घेराबंदी करके तीनों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से दो चाकू, चुराए हुए 10 हजार रुपये बरामद किए। उसके बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया।