संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ क्षेत्र के माधवपुर गांव में शुक्रवार को छोटी मछली खाकर चार घरों के सात लोग बीमार हो गए। गंभीर हाल में तीन लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोहरतगढ़ में भर्ती कराया गया है। वहीं चार लोगों को दवा देकर घर भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि सिधरी मछली खाने के कारण गांव के लोग बीमार हो गए। उल्टी दस्त होने पर परिजन ने मरीजों को अस्पताल पहुुंचाया। फूड प्वॉइजनिंग की सूचना पर सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी मौके पर पहुंच गए। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए उन्होंने अधीक्षक डॉ. पंकज वर्मा व स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया।
साधारण हैंडपंप का पानी पीने से रोका
सीएमओ के अनुसार स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में देखा तो गंदगी मिली। शुद्ध पानी के अभाव में भी लोगों को बीमार होने की आशंका है। स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर में जाकर लोगों से बातचीत की। घरों में क्लोरीन की गोली बांटी और ओआरएस का पाउडर भी दिया। लोगों को साधारण हैंडपंप का पानी पीने से रोका गया है। जिनकी स्थिति गंभीर थी, अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधीक्षक डॉ. पंकज वर्मा ने बताया कि फूड प्वॉइजनिंग के कारण कोई भी मरीज गंभीर स्थिति में नहीं है।
सीएमओ भेजेंगे पत्र
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि खराब मछली को पकाकर खाने से लोग बीमार हुए हैं। बीमार लोगों का बेहतर ढंग से उपचार किया जा रहा है। बिना जांच के मछली बेची जा रही है। स्वच्छता का अभाव है। इस मामले में वे जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं बीडीओ शोहरतगढ़ को पत्र भेजकर व्यवस्था में सुधार करने को कहेंगे।