आज आएंगे मंत्री, यहां रहेगा रूट डायवर्जन
केंद्रीय शिक्षामंत्री की सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान बृहस्पतिवार को जिले में आ रहे हैं। वह केंद्रीय विद्यालय का निरीक्षण करेंगे। मधुबेनिया विद्यालय में जाएंगे। इसके अलावा बीएसए ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। उनकी सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम रहेगा। कार्यक्रम के इर्द-गिर्द सुरक्षा का सख्त पहरा रहेगा। वहीं, रूट डायवर्जन जारी कर दिया गया। एएसपी सुरेशचंद रावत ने बताया कि यातायात व्यवस्था में बाधा न आए। इसके लिए बीएसए ग्राउंड में आयोजित जनसभा, वीआईपी कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए डायवर्जन व पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है।
यहां रहेगा प्रतिबंध
भारी वाहनों का आवागमन साड़ी तिराहा व हाइडिल तिराहा के मध्य प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहन हाइडिल तिराहा से पकड़ी तिराहा से सनई चौराहा होते हुए गंतव्य की तरफ आवागमन कर सकेंगे। प्राथमिक विद्यालय मधुबेनिया में कार्यक्रम के समय बर्डपुर व साड़ी तिराहा के मध्य भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों को बर्डपुर से पहले व साड़ी चौराहा के पहले रोक कर सड़क के किनारे किनारे खड़ा कराया जाएगा। साड़ी तिराहा से हाइडिल तिराहा के मध्य केवल कार्यक्रम में आने जाने-वाले वाहन ही जाएंगे। अन्य सभी वाहन साड़ी तिराहा से कस्बा नौगढ़ के अंदर से हाईडिल की तरफ आवागमन कर सकेंगे। एंबुलेंस, मरीज वाहन व शव वाहन व अन्य आकस्मिक वाहन कहीं पर भी रोके नहीं जाएंगे। पार्किंग व्यवस्था कार्यक्रम स्थल पर आने वाली समस्त बसें साड़ी तिराहा से होकर बीएसए ग्राउंड के सामने आगंतुकों को उतारकर हाइडिल तिराहा होकर पकड़ी तिराहा होकर सनई चौराहा होकर सनई से साड़ी तिराहा के मध्य पार्क होगी। कार्यक्रम में आने वाले समस्त वीआईपी वाहन तथा मीडिया के वाहन बीएसए कार्यालय के पीछे पार्क होंगे। कार्यक्रम में आने वाले समस्त आगंतुकों के वाहन राजकीय उद्यान के बाहर, जेल आवासीय परिसर व कांशीराम कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर पार्क होंगे। समस्त दो पहिया वाहन बीएसए कार्यालय के पीछे ग्राउंड में पार्क होंगे।