भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार : शिवपाल यादव
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव की चुनावी तैयारी डुमरियागंज में आयोजित जनसभा के दौरान साफ तौर से दिखी। अभी तक सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से गठबंधन न हो पाने की कसक भी उनके संबोधन से साफ दिखी। उन्होंने कहा कि वह भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए कोई भी कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि समान विचारधारा के सभी दल एक हों और भाजपा को सत्ता में आने से रोका जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि वह कई बार सपा सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से कह चुके हैं कि वह सेक्युलर दलों को एक करने और भाजपा को सत्ता से दूर करने के लिए कोई भी त्याग देने के लिए तैयार हैं।
कहा कि वह अपने दल का सपा में विलय करने से भी परहेज नहीं करेंगे। वह चाहते हैं कि उनसे जुड़े हुए उनके साथी और दोस्तों को सपा की ओर से पूरा सम्मान दिया जाए। उनके जनाधार वाले क्षेत्रों से उन्हें टिकट मिले। भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली है। कहा कि अगली सरकार प्रगतिशील समाजवादी लोहिया के सहयोग के बिना नहीं बनेगी। जनता परिवर्तन का पूरी तरह मन बना चुकी है।