चलती बाइक पर पलटा पिकअप, सवार की मौत
शोहरतगढ़। शोहरतगढ़-चिल्हिया मार्ग पर स्थित गौहनिया चौराहे के पास मंगलवार को चलती बाइक पर पिकअप पलट गया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को देख मौजूद लोग सन्न रह गए। किसी तरह पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया है।
क्षेत्र के चिल्हिया निवासी दीनानाथ (50) चिल्हिया में ठेले पर मठाई की दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार को शोहरतगढ़ से मिठाई खरीदकर बाइक से चिल्हिया जा रहे थे। अभी वह चिल्हिया-शोहरतगढ़ मार्ग पर स्थित गौहनिया चौराहे पर पहुंचे थे कि चिल्हिया की तरफ से आ रही पिकअप उनकी बाइक पर पलट गया।
दीनानाथ की पिकअप के नीचे दबकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इस बारे में चिल्हिया के एसओ यशवंत सिंह ने बताया है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया हैं। पिकअप को कब्जे में लेकर उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है।