रोड नहीं तो टोल नहीं, आंदोलन करेंगे अधिवक्ता
सिद्धार्थनगर। जिले में सड़कों की जर्जर हालत के विरोध में अब अधिवक्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए तैयार हैं। सिविल सिद्धार्थ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह, महामंत्री कृपा शंकर त्रिपाठी ने 16 को सांकेतिक और 19 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी है।
बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार जहां बेहतर सड़कों का दावा कर रही है, वहीं जिले में सड़कों की हालत बदतर है। जनप्रतिनिधियों, विभागीय एवं प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही से जिले में एनएच निर्माण में देरी और गुणवत्ता विहीन निर्माण कार्य के कारण सभी सड़कें बदहाल हैं। वहीं अधूरे और खराब सड़क के बावजूद टोल प्लाजा स्थापित कर टैक्स की वसूली की जा रही है। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण जिले के लोगों को बहुत दिक्कत हो रही है।
उधर कपिलवस्तु महोत्सव के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च हो रहे हैं, लेकिन सड़कों की दशा सुधारने में किसी की रुचि नहीं है। इस लिए अधिवक्ता समाज के जनता के साथ मिलकर आंदोलन करेगा। इसके तहत 16 नवंबर को ज्ञापन देकर सांकेतिक विरोध आंदोलन किया जाएगा। उसके बाद भी कार्यवाही नहीं हुई तो कपिलवस्तु महोत्सव के एक दिन पूर्व 19 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।