फंदे से लटका मिला युवती का शव
पकड़ी बाजार। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बभनी बाजार में रविवार की शाम युवती का शव उसके घर के एक कमरे में कुंडी से लटका हुआ मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची मिश्रौलिया थाने की पुलिस ने शव का पंचनामा बनवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुमन (22) पुत्री हृदय कुमार ग्राम सभा बभनी बाजार रविवार को अपने घर में ऊपर बने कमरे में थी। काफी समय बीत गया, जब वह नीचे नहीं आई तो घर के लोग वहां जाकर देखें तो उसका शव फंदे से लटका दिखा। सूचना पाकर मौके पर मिश्रौलिया थाने की पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घटना रविवार की शाम करीब चार एवं पांच बजे के बीच की बताई जा रही है। इस संबंध में मिश्रौलिया के एसओ पंकज कुमार का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।